IPL 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने बड़ी रणनीतिक बदलाव करते हुए केएल राहुल को ओपनर और विकेटकीपर की जिम्मेदारी सौंपी है।
IPL 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने बदली रणनीति, केएल राहुल को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
IPL 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने बड़ी रणनीतिक बदलाव करते हुए केएल राहुल को ओपनर और विकेटकीपर की जिम्मेदारी सौंपी है।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए अहम फैसला लिया है। टीम ने इस बार पिछली गलतियों से सबक लेते हुए अपने सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज केएल राहुल को नई जिम्मेदारी सौंप दी है।
पिछले सीजन में टीम को बल्लेबाजी क्रम में अस्थिरता का सामना करना पड़ा था, जिसका असर उनके प्रदर्शन पर साफ देखने को मिला। अब दिल्ली मैनेजमेंट ने तय किया है कि इस बार कोई जोखिम नहीं लिया जाएगा और टीम अपने सबसे अनुभवी खिलाड़ी पर दांव लगाएगी।
IPL 2026 में केएल राहुल दिल्ली कैपिटल्स के लिए ओपनिंग करते नजर आएंगे। इतना ही नहीं, वह टीम के लिए विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। कप्तान अक्षर पटेल की अगुवाई में फ्रेंचाइज़ी ने इस फैसले पर मुहर लगा दी है।

पिछले सीजन में राहुल को शुरुआत के मुकाबलों में मिडिल ऑर्डर में उतारा गया था, लेकिन जैक फ्रेजर मैक्गर्क के खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें ओपनिंग का मौका मिला। राहुल ने इस बदलाव का पूरा फायदा उठाया और टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया।
IPL 2025 में केएल राहुल दिल्ली कैपिटल्स के सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने 13 मैचों में 149.72 की स्ट्राइक रेट से 539 रन बनाए थे, जिसमें गुजरात टाइटंस के खिलाफ 65 गेंदों पर खेली गई 112 रनों की शानदार पारी भी शामिल थी। यह शतकीय पारी उन्होंने ओपनिंग करते हुए खेली थी, जिसने टीम मैनेजमेंट को यह विश्वास दिलाया कि राहुल इस भूमिका में टीम के लिए ज्यादा प्रभावी साबित हो सकते हैं।
दिल्ली कैपिटल्स को IPL 2026 में केएल राहुल से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी। टीम चाहती है कि राहुल शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बनाएं और बड़े स्कोर की नींव रखें। उनकी तकनीक और अनुभव को देखते हुए यह फैसला टीम के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। अगर राहुल ने लय बरकरार रखी, तो दिल्ली इस सीजन खिताब की मजबूत दावेदार बन सकती है।

केएल राहुल का IPL करियर भी उनके कद को दर्शाता है। उन्होंने अब तक 145 मैचों की 136 पारियों में 46.21 की औसत और 136.02 की स्ट्राइक रेट से 5222 रन बनाए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेले 13 मैचों में उन्होंने 53.90 की औसत से 539 रन बनाए हैं, जो बताता है कि वह इस टीम के लिए कितने अहम खिलाड़ी बन चुके हैं। IPL 2026 में राहुल पर एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी होगी, जिसे निभाने के लिए वह पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।