IPL 2026: अर्जुन तेंदुलकर के बैट का वजन जानकर चौंके ऋषभ पंत, पिता की तरह भारी बल्ला करते है इस्तेमाल; सामने आया वीडियो

आईपीएल 2026 से पहले अर्जुन तेंदुलकर के भारी बल्ले का खुलासा हुआ है, जिसे जानकर कप्तान ऋषभ पंत भी हैरान रह गए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

iconPublished: 19 Mar 2026, 09:20 PM
iconUpdated: 19 Mar 2026, 11:34 PM

आईपीएल 2026 से पहले लखनऊ सुपर जाएंट्स के कैंप से एक दिलचस्प वीडियो सामने आया है, जिसने फैंस के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है। इस वीडियो में युवा ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर अपने खेल के एक ऐसे पहलू को लेकर चर्चा में हैं, जिसे सुनकर टीम के कप्तान ऋषभ पंत भी हैरान रह गए।

अर्जुन तेंदुलकर इस सीजन लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए खेलते नजर आएंगे और टीम के साथ उनका यह नया सफर काफी अहम माना जा रहा है। इसी बीच उनके बल्ले के वजन को लेकर हुई बातचीत ने क्रिकेट फैंस के बीच एक अलग ही चर्चा छेड़ दी है।

IPL 2026: भारी बल्ले ने पंत को किया हैरान

वीडियो में जब ऋषभ पंत ने अर्जुन तेंदुलकर से उनके बैट के वजन के बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया कि वह 1220 ग्राम के बल्ले से खेलते हैं। यह सुनकर पंत भी चौंक गए। अर्जुन ने आगे बताया कि उनके पिता सचिन तेंदुलकर 1310 से 1315 ग्राम तक के भारी बल्ले का इस्तेमाल करते थे।

अर्जुन ने भारी बल्ले के पीछे की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि ऐसे बल्ले से सिर्फ टाइमिंग सही हो तो गेंद अपने आप बाउंड्री पार चली जाती है। इस दौरान पंत ने भी उनका हौसला बढ़ाते हुए उन्हें पूरी तरह सपोर्ट करने का भरोसा दिया।

IPL 2026: पिता की राह पर अर्जुन

अर्जुन तेंदुलकर अपने पिता सचिन तेंदुलकर की तरह ही भारी बल्ले से खेलने को प्राथमिकता देते हैं। यह न सिर्फ उनकी तकनीक को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि वह पारंपरिक ताकत और टाइमिंग पर भरोसा करते हैं। उनके इस अंदाज को देखकर फैंस को भी सचिन की याद आ रही है, जिन्होंने अपने करियर में भारी बल्ले के साथ कई ऐतिहासिक पारियां खेलीं।

Sachin Tendulkar Thanks Bollywood Actor, Who Was

IPL 2026: नया सफर और नई जिम्मेदारी

मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ने के बाद अर्जुन तेंदुलकर अब लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ अपने करियर का नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी में भी एक बड़ा कदम उठाया और शादी के बंधन में बंधे। इसके बावजूद उन्होंने मैदान से दूरी नहीं बनाई और तुरंत क्रिकेट में वापसी कर अपनी प्रतिबद्धता दिखा दी।

IPL 2026: इस सीजन पर रहेंगी नजरें

अर्जुन तेंदुलकर के करियर आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने टी20 क्रिकेट में अब तक 29 मैचों में 35 विकेट हासिल किए हैं। लखनऊ की टीम में उन्हें ज्यादा मौके मिलने की उम्मीद है। इकाना स्टेडियम की पिच पर उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों पर नजर रहेगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह आईपीएल 2026 में किस तरह का प्रदर्शन करते हैं और क्या अपनी अलग पहचान बना पाते हैं।