संजू सैमसन को ओपनिंग में उतारने की रणनीति कारगर रही और अभिषेक शर्मा ने 55 रन की विस्फोटक पारी खेलकर फॉर्म में वापसी की। गंभीर और सूर्यकुमार की इस चाल ने भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़े स्कोर और अहम जीत की राह दिखाई।
संजू सैमसन की एंट्री से बदली गेम, अभिषेक शर्मा ने खेली धमाकेदार पारी; गंभीर-सूर्या की चाल सफल
IND vs ZIM Gautam Gamhir plan worked: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ जिस अंदाज़ में जीत दर्ज की, उसमें सबसे बड़ी राहत अभिषेक शर्मा की फॉर्म में वापसी रही। लंबे समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे इस युवा ओपनर ने आखिरकार वह पारी खेली जिसका इंतजार टीम मैनेजमेंट और प्रशंसकों को था।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस अहम मुकाबले में भारत की बल्लेबाजी ने नई धार दिखाई। टीम संयोजन में किया गया एक छोटा सा बदलाव मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ और अभिषेक शर्मा ने मौके को दोनों हाथों से भुनाते हुए धमाकेदार अर्धशतक जड़ दिया।
IND vs ZIM: अभिषेक शर्मा की धमाकेदार वापसी
टीम इंडिया के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा के लिए यह टूर्नामेंट अब तक निराशाजनक रहा था, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने शानदार वापसी की। अभिषेक ने 30 गेंदों पर 55 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। यह उनके टी20 वर्ल्ड कप करियर की पहली अर्धशतकीय पारी रही, जिसने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई और टीम के बड़े स्कोर की नींव रखी।

IND vs ZIM: गंभीर-सूर्या की रणनीति ने बदला मैच का रुख
मैच से पहले अभिषेक लगातार तीन बार शून्य पर आउट हुए थे और एक पारी में केवल 15 रन बना सके थे। ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर ने रणनीतिक बदलाव करते हुए संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया। ईशान किशन की जगह संजू सैमसन को ओपनिंग का मौका दिया गया, जिससे लेफ्ट-हैंडर अभिषेक शर्मा के साथ राइट-हैंडर ओपनर की जोड़ी बनी। यह बदलाव विपक्षी टीम की गेंदबाजी योजनाओं को बिगाड़ने में सफल रहा।
IND vs ZIM: राइट-लेफ्ट कॉम्बिनेशन से मिला अभिषेक को फायदा
पिछले मैचों में भारत के दो बाएं हाथ के ओपनरों को देखकर विरोधी टीमें ऑफ स्पिनर से गेंदबाजी की शुरुआत कर रही थीं, जिससे अभिषेक स्पिन के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए।
लेकिन संजू सैमसन के राइट-हैंड बल्लेबाज होने से जिम्बाब्वे पावरप्ले में ऑफ स्पिनर नहीं लगा सका और उन्हें तेज गेंदबाजों से शुरुआत करनी पड़ी। तेज गेंदबाजी अभिषेक की ताकत है, और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाते हुए आक्रामक अंदाज में रन बटोरे।
IND vs ZIM: सैमसन-अभिषेक साझेदारी ने रखी जीत की नींव
संजू सैमसन ने भी तेज शुरुआत करते हुए 15 गेंदों पर 24 रन बनाए और शुरुआती ओवरों में दबाव कम किया। दोनों के बीच 48 रनों की ओपनिंग साझेदारी हुई, जो इस टूर्नामेंट में भारत की सर्वश्रेष्ठ शुरुआत साबित हुई।
पावरप्ले में भारत ने 80 रन जोड़कर मजबूत मंच तैयार किया, जिसका फायदा उठाते हुए टीम इंडिया 256 रन के विशाल स्कोर तक पहुंची। अभिषेक की यह पारी न सिर्फ उनकी फॉर्म में वापसी का संकेत है, बल्कि नॉकआउट चरण से पहले टीम के लिए बड़ा सकारात्मक संकेत भी है।