भारत और वेस्टइंडीज के बीच सेमीफाइनल के लिए एक अहम मुकाबला खेला जाएगा। आइए जानते है अगर मुकाबला बारिश की वजह से रद्द होता है तो कौनसी टीम क्वालीफाई करेगी।
IND vs WI: भारत बनाम वेस्टइंडीज का मैच रद्द हुआ तो किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट? जानें क्या कहता है ICC का नियम
IND vs WI, Qualification scenario if match washes out: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मुकाबला अब टूर्नामेंट का सबसे अहम मैच बन चुका है। 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाने वाला यह मैच वर्चुअल क्वार्टर फाइनल की तरह है, जहां जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल का टिकट कटाएगी।
दोनों टीमों के बराबर अंक होने के कारण मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया है। लेकिन फैंस के मन में एक बड़ा सवाल भी है अगर बारिश या किसी अन्य कारण से मैच रद्द हो जाता है, तो सेमीफाइनल में कौन पहुंचेगा?
IND vs WI: मैच रद्द हुआ तो किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?
ग्रुप 1 की अंक तालिका में भारत और वेस्टइंडीज दोनों के 2-2 अंक हैं। बेहतर नेट रन रेट के कारण वेस्टइंडीज दूसरे स्थान पर है, जबकि भारत तीसरे स्थान पर मौजूद है। यदि यह मुकाबला खेला जाता है और कोई टीम जीतती है, तो वह 4 अंकों के साथ सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। लेकिन अगर मैच बारिश के कारण रद्द हो जाता है या नो-रिजल्ट रहता है, तो आईसीसी नियमों के अनुसार दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेंगे।

IND vs WI: नेट रन रेट से होगा फैसला
मैच रद्द होने की स्थिति में दोनों टीमों के कुल 3-3 अंक हो जाएंगे। ऐसे में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम का फैसला नेट रन रेट (NRR) के आधार पर होगा। फिलहाल वेस्टइंडीज का NRR +1.791 है, जो भारत के -0.100 से काफी बेहतर है। इस स्थिति में वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा, जबकि भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा जो भारतीय प्रशंसकों के लिए बड़ा झटका होगा।
IND vs WI: कोलकाता के मौसम पर टिकी निगाहें
मैच से पहले मौसम भी चर्चा का विषय बना हुआ है। वेदर रिपोर्ट के अनुसार 1 मार्च को कोलकाता में बारिश की संभावना नहीं है और मैच के दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद है। इससे संकेत मिलता है कि मुकाबला पूरा खेला जाएगा और सेमीफाइनल का फैसला मैदान पर प्रदर्शन के आधार पर ही होगा।

IND vs WI: 10 साल बाद आमना-सामना
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और वेस्टइंडीज की टीमें लगभग एक दशक बाद आमने-सामने होंगी। पिछली भिड़ंत में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में टीम इंडिया के पास न सिर्फ सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका है, बल्कि पुराने हिसाब चुकता करने का भी सुनहरा अवसर होगा।