टी20 वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। जसप्रीत बुमराह अमेरिका के खिलाफ मुकाबला मिस कर सकते है।
IND vs USA: टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका, अमेरिका के खिलाफ मुकाबले से बाहर हो सकते है जसप्रीत बुमराह
Setback for Team India ahead of IND vs USA: टी20 वर्ल्ड कप के आगाज़ से ठीक पहले टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। तेज़ गेंदबाज़ी की रीढ़ माने जाने वाले जसप्रीत बुमराह अमेरिका के खिलाफ होने वाले पहले मुकाबले से बाहर हो सकते हैं। वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच से पहले बुमराह की गैरमौजूदगी टीम संयोजन को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक बुमराह वायरल फीवर से जूझ रहे हैं और टीम मैनेजमेंट उन्हें जल्दबाज़ी में मैदान पर उतारने के मूड में नहीं है। वर्ल्ड कप जैसे लंबे और अहम टूर्नामेंट को देखते हुए भारतीय टीम कोई जोखिम नहीं लेना चाहती, ऐसे में शुरुआती मुकाबले (IND vs USA) में उनका आराम करना तय माना जा रहा है।
IND vs USA: वायरल फीवर के चलते बाहर रह सकते हैं बुमराह
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार जसप्रीत बुमराह को वायरल फीवर है और इसी वजह से उन्हें USA के खिलाफ पहले मैच में प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा जा सकता है। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि बुमराह की फिटनेस पूरी तरह ठीक होना ज्यादा जरूरी है, ताकि वह आगे के मुकाबलों में अपनी पूरी धार के साथ गेंदबाज़ी कर सकें।

IND vs USA: मोहम्मद सिराज की हो सकती है T20 में वापसी
बुमराह के बाहर होने की स्थिति में मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। सिराज को घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हुए हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। बीसीसीआई ने अपने बयान में साफ किया कि मेडिकल टीम की सलाह के बाद हर्षित को अनफिट घोषित किया गया और सिराज को टीम से जोड़ा गया।
IND vs USA: लंबे समय बाद T20I में दिखेंगे सिराज
मोहम्मद सिराज ने आखिरी बार जुलाई 2024 में श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। इसके बाद वह इस फॉर्मेट से दूर रहे और टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित किया। 16 टी20 मैचों में 14 विकेट ले चुके सिराज के पास अनुभव तो है, लेकिन करीब एक साल बाद टी20 में वापसी उनके लिए भी बड़ी चुनौती होगी, खासकर तब जब टीम को शुरुआती मैच में जीत की जरूरत है।

IND vs USA: चोटों से जूझ रही है टीम इंडिया
टीम इंडिया की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और पहले चरण के मुकाबलों से बाहर रह सकते हैं। उन्हें अभी तक BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से क्लियरेंस नहीं मिला है। ऐसे में अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में भारत के पास सिर्फ 13 फिट खिलाड़ी उपलब्ध हो सकते हैं, जो टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले चिंता बढ़ाने वाली बात है।