साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मैच से पहले अभ्यास के दौरान हार्दिक पंड्या के शॉट से एक भारतीय खिलाड़ी को चोट लग गई जिससे टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ गई।
IND vs SA: हार्दिक पंड्या के शॉट से साथी खिलाड़ी हुआ घायल, सुपर-8 मुकाबले से पहले टीम इंडिया की बढ़ी चिंता
Table of Contents
Hardik Pandya shot injured player ahead of IND vs SA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबलों से पहले टीम इंडिया ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। ग्रुप स्टेज समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों को एक दिन का ब्रेक दिया गया था, जिसके बाद शुक्रवार को भारतीय टीम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अभ्यास के लिए उतरी।
इस अभ्यास सत्र में जहां सभी की नजरें ओपनर अभिषेक शर्मा की फॉर्म पर थीं, वहीं अचानक एक घटना ने सबका ध्यान तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की ओर खींच लिया। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के एक जोरदार शॉट ने सिराज को चोटिल कर दिया, जिससे टीम कैंप में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया।
IND vs SA: हार्दिक के शॉट से सिराज के घुटने पर लगी चोट
20 फरवरी की शाम अभ्यास के दौरान भारतीय बल्लेबाज नेट्स पर जमकर पसीना बहा रहे थे। इसी दौरान हार्दिक पंड्या ने एक तेज और शक्तिशाली शॉट खेला, जो सीधे मोहम्मद सिराज के घुटने पर जा लगा। गेंद लगते ही सिराज दर्द से कराहते हुए मैदान पर बैठ गए। यह दृश्य देखते ही हार्दिक समेत बाकी खिलाड़ी तुरंत उनके पास पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
IND vs SA: मेडिकल स्टाफ ने तुरंत किया इलाज, राहत की खबर
सिराज को दर्द में देखकर टीम इंडिया का मेडिकल स्टाफ तुरंत मैदान पर पहुंचा। फिजियो ने उनके घुटने पर बर्फ लगाई और प्राथमिक जांच की। राहत की बात यह रही कि चोट गंभीर नहीं थी। कुछ देर आराम और उपचार के बाद सिराज खड़े हो सके, और उन्होंने अभ्यास को जारी रखा।
IND vs SA: 22 तारीख को साउथ अफ्रीका से मुकाबला
भारतीय क्रिकेट टीम 22 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले (IND vs SA) से सुपर-8 अभियान की शुरुआत करेगी। यह मैच बेहद अहम है, क्योंकि दोनों ही टीमें पिछले संस्करण की फाइनलिस्ट रही हैं और इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी मुकाबला नहीं हारी हैं। इसके बाद सुपर-8 चरण में भारत को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ भी मुकाबले खेलने हैं।