नहीं खत्म हो रही भारत की मुश्किलें, IND-PAK मुकाबले से पहले टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका! सूर्यकुमार यादव ने बढ़ाई टेंशन
IND-PAK मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लग सकता है, क्योंकि कप्तान सूर्यकुमार यादव के अनुसार अभिषेक शर्मा अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और एक-दो मैच मिस कर सकते हैं।
Abhishek Sharma fitness update: टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया की राह आसान नजर नहीं आ रही है। टूर्नामेंट की शुरुआत तो जीत के साथ हुई, लेकिन इसके बाद से ही भारतीय खेमे में चोट और फिटनेस की चिंताएं बढ़ती जा रही हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महामुकाबले से पहले बड़ा झटका लग सकता है, जिसने फैंस की टेंशन बढ़ा दी है।
युवा ओपनर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) की फिटनेस पर सस्पेंस गहराता जा रहा है। यूएसए के खिलाफ पहले मुकाबले के बाद उन्हें पेट में परेशानी हुई थी, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती तक होना पड़ा। अब नामीबिया के खिलाफ मैच में भी वह प्लेइंग इलेवन से बाहर रहे, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि उनकी वापसी में अभी वक्त लग सकता है।
नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से पहले टॉस के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) की फिटनेस पर बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने साफ कहा, “अभिषेक अब भी पूरी तरह ठीक नहीं हैं, वह एक या दो मैच मिस कर सकते हैं।”
सूर्या के इस बयान ने फैंस और टीम मैनेजमेंट दोनों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि इसका सीधा मतलब यह निकलता है कि अभिषेक पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले से भी बाहर रह सकते हैं। 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला यह मैच टूर्नामेंट का सबसे हाई-वोल्टेज मुकाबला माना जा रहा है।
अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) इस टी20 विश्व कप में भारत के मुख्य ओपनर के रूप में उतरे हैं और टीम कॉम्बिनेशन में उनकी भूमिका बेहद अहम है। भले ही यूएसए के खिलाफ मैच में वह पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए थे, लेकिन उनकी आक्रामक बल्लेबाजी भारत को तेज शुरुआत दिलाने में सक्षम है। टॉप ऑर्डर में उनकी मौजूदगी टीम को संतुलन देती है और पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर रहती है।
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबलों में अभिषेक (Abhishek Sharma) का रिकॉर्ड टीम इंडिया के लिए राहत की खबर रहा है। 2025 एशिया कप में उन्होंने पाकिस्तान के गेंदबाजों के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर मैच का रुख पलट दिया था। ऐसे में बड़े मैच के खिलाड़ी के रूप में उनकी अहमियत और भी बढ़ जाती है। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट भी उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता और पूरी तरह फिट होने के बाद ही उन्हें मैदान पर उतारने का फैसला कर सकता है।
अगर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला मिस करते हैं, तो टीम इंडिया को ओपनिंग संयोजन में बदलाव करना पड़ सकता है। इससे बैटिंग ऑर्डर का संतुलन भी प्रभावित होगा और कप्तान सूर्यकुमार यादव को नई रणनीति के साथ मैदान पर उतरना पड़ेगा।