टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। हालांकि टी20 इंटरनेशनल में भारत का रिकॉर्ड बेहतर है, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में अब तक टीम इंडिया कीवी टीम को एक भी बार नहीं हरा पाई है।
IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप में भारत पर भारी रहा है न्यूजीलैंड, जानिए कैसा है हेड टू हेड रिकॉर्ड
IND vs NZ Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है और टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला अब बस एक कदम दूर है। खिताबी जंग में टीम इंडिया का सामना न्यूजीलैंड से होगा। दोनों टीमों के बीच यह हाई-वोल्टेज फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
इस मुकाबले में भारतीय टीम की नजर इतिहास रचने पर होगी, लेकिन कीवी टीम को हराना इतना आसान नहीं रहने वाला है। खासकर टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास को देखें तो न्यूजीलैंड का पलड़ा हमेशा भारत पर भारी रहा है। यही वजह है कि फाइनल से पहले हेड टू हेड रिकॉर्ड भी चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।
IND vs NZ: कैसा है दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले की बात करें तो आंकड़े टीम इंडिया के पक्ष में नजर आते हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 30 टी20 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 18 मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि इनमें से दो मैच सुपर ओवर में भारत के नाम रहे हैं।

वहीं न्यूजीलैंड ने 11 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। अगर भारत की घरेलू परिस्थितियों की बात करें तो यहां भी टीम इंडिया का रिकॉर्ड शानदार रहा है। भारत ने अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए 16 में से 11 मुकाबले जीते हैं। ऐसे में आंकड़ों के लिहाज से भारत का पलड़ा भारी दिखाई देता है।
IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड को नहीं हरा पाया है भारत
भले ही टी20 इंटरनेशनल में भारत का रिकॉर्ड बेहतर हो, लेकिन जब बात टी20 वर्ल्ड कप की आती है तो तस्वीर बिल्कुल अलग नजर आती है। इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड ने हमेशा भारत पर बढ़त बनाए रखी है। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले खेले गए हैं और तीनों ही मैचों में न्यूजीलैंड ने जीत हासिल की है। साल 2007, 2016 और 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में कीवी टीम ने भारत को मात दी थी।

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के पास है भारत में खेलने का अनुभव
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी, जहां दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली गई थी। इस सीरीज में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-1 से जीत दर्ज की थी।
IND vs NZ: टूर्नामेंट में दोनों टीमों का प्रदर्शन
अगर मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो टीम इंडिया शानदार लय में नजर आई है। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाया है और अभी तक सिर्फ एक मैच गंवाया है। वहीं न्यूजीलैंड की टीम को इस टूर्नामेंट में दो हार का सामना करना पड़ा है। कीवी टीम साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ मैच हार चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने फाइनल तक का सफर तय किया है। ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि अहमदाबाद में होने वाले इस खिताबी मुकाबले में कौन सी टीम इतिहास रचती है।
IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले बुमराह से डरी कीवी टीम? ग्लेन फिलिप्स का बड़ा बयान आया सामने