टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि टीम का माहौल पूरी तरह रिलैक्स और सकारात्मक है। साथ ही उन्होंने वरुण चक्रवर्ती के फॉर्म को लेकर भी भरोसा जताया।
IND vs NZ: फाइनल से पहले कप्तान सूर्या ने बताया टीम का हाल, वरुण चक्रवर्ती के फॉर्म पर दिया बड़ा बयान
Table of Contents
Suryakumar Yadav press conference ahead of IND vs NZ final: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अब बेहद करीब आ चुका है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस खिताबी मुकाबले को शुरू होने में 24 घंटे से भी कम समय बचा है। दोनों टीमों के खिलाड़ी इस बड़े मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।
डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया है। भारतीय टीम को पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले से एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम के माहौल से लेकर खिलाड़ियों के फॉर्म तक कई अहम सवालों के जवाब दिए।
IND vs NZ: वरुण के फॉर्म को लेकर किसी तरह की कोई चिंता नहीं
टीम इंडिया के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का पिछले कुछ मुकाबलों में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। ऐसे में फाइनल से पहले उनके फॉर्म को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया कि टीम को वरुण के फॉर्म को लेकर किसी तरह की चिंता नहीं है।
सूर्या ने कहा कि जब टीम जीत रही होती है तो ज्यादा चीजों के बारे में सोचने की जरूरत नहीं होती। उन्होंने भरोसा जताया कि वरुण चक्रवर्ती एक मैच में ही शानदार वापसी कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि फाइनल मुकाबले से पहले भारतीय टीम का माहौल काफी रिलैक्स है और खिलाड़ी इस बड़े मैच को लेकर उत्साहित हैं।
IND vs NZ: फाइनल में कप्तानी करना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात
वर्ल्ड कप के फाइनल (IND vs NZ) में टीम इंडिया की कप्तानी करने के अनुभव को लेकर सूर्यकुमार यादव ने इसे अपने करियर का खास पल बताया। उन्होंने कहा कि करीब छह साल पहले उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था और अब देश के लिए वर्ल्ड कप फाइनल में कप्तानी करना उनके और उनके परिवार के लिए बेहद गर्व की बात है।
सूर्या ने माना कि इतने बड़े मुकाबले से पहले थोड़ी घबराहट होना स्वाभाविक है, लेकिन टीम का फोकस सिर्फ अच्छा प्रदर्शन करने पर है। उनके मुताबिक खिलाड़ी इस दबाव को सकारात्मक तरीके से लेने की कोशिश कर रहे हैं।
IND vs NZ: ऑफ-स्पिनर्स के खिलाफ आउट होने को लेकर बोले सूर्या
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में कई बाएं हाथ के बल्लेबाज शामिल हैं, जिसकी वजह से विरोधी टीमें अक्सर ऑफ स्पिन गेंदबाजों का इस्तेमाल करती हैं। कुछ मुकाबलों में भारतीय बल्लेबाजों को ऑफ स्पिन के खिलाफ परेशानी भी झेलनी पड़ी है।
इस सवाल पर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इस बारे में ज्यादा चिंता करने की जरूरत है। उनके मुताबिक अगर टीम ऑफ स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ 120 के स्ट्राइक रेट से भी खेलते हुए फाइनल तक पहुंचती है तो यह भी टीम के लिए अच्छा संकेत है।
IND vs NZ: टीम का माहौल पूरी तरह से सकारात्मक
फाइनल मुकाबले से पहले भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी सकारात्मक नजर आ रहा है। कप्तान सूर्यकुमार यादव के अनुसार खिलाड़ी रिलैक्स और खुश हैं, जिससे टीम का आत्मविश्वास भी काफी मजबूत दिख रहा है।
टीम इंडिया के खिलाड़ियों को पता है कि यह मुकाबला कितना बड़ा है, लेकिन इसके बावजूद वे बिना अतिरिक्त दबाव के मैदान पर उतरना चाहते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि अहमदाबाद में होने वाले इस खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम किस तरह का प्रदर्शन करती है।
IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले बुमराह से डरी कीवी टीम? ग्लेन फिलिप्स का बड़ा बयान आया सामने