IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
IND vs NZ: अहमदाबाद में दिखा अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन का तूफान, पावरप्ले में ही भारत ने तोड़ दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड
Table of Contents
IND vs NZ, Abhishek - Sanju broke record: भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का आमंत्रण दिया। हालांकि, कीवी टीम का यह फैसला सही साबित होता नहीं दिखा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और इस दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए।
IND vs NZ: पहली बार फाइनल में हुआ ऐसा
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। दोनों खिलाड़ियों ने महज 4 ओवर में ही 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। यह आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में पहली बार हुआ है जब किसी टीम की ओपनिंग जोड़ी ने 50 रनों की साझेदारी की हो। टीम इंडिया ऐसा कारनामा करने वाली पहली टीम बन गई है।

IND vs NZ: टीम इंडिया ने बनाए दो और रिकॉर्ड
इस फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की सलामी जोड़ी ने एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाया। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले 6 ओवर में ही 92 रन बना दिए, जो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी फाइनल मुकाबले का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। वहीं टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में भी टीम इंडिया ने सबसे कम ओवरों में 100 रनों का आंकड़ा पार करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

भारतीय टीम बड़े स्कोर की तरफ अग्रसर
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने दमदार शुरुआत की है। अभिषेक शर्मा ने इस मैच में ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़ा। उन्होंने महज 21 गेंदों में 52 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं खबर लिखे जाने तक संजू सैमसन और ईशान किशन क्रीज पर मौजूद हैं और 10 ओवर के बाद टीम इंडिया 127 रन के आंकड़े को पार कर चुकी है।