IND vs ENG: हेडिंग्ले टेस्ट में तीसरे दिन खिलाड़ियों ने क्यों पहनी काली पट्टी? सामने आई असली वजह

India vs England Day 3: लीड्स टेस्ट के तीसरे दिन भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ी ब्लैक आर्मबैंड पहनकर मैदान पर उतरे। जानिए इस इमोशनल लम्हे के पीछे की वजह, जिसने सभी को भावुक कर दिया।

iconPublished: 22 Jun 2025, 05:06 PM
iconUpdated: 22 Jun 2025, 11:34 PM

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स के मैदान में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस मुकाबले के तीसरे दिन जब दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर उतरे, तो एक दृश्य ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

दोनों टीमों के खिलाड़ी ब्लैक आर्मबैंड पहनकर मैदान में आए थे और खेल शुरू होने से पहले एक मिनट का मौन भी रखा गया। दरअसल, भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे इस टेस्ट मुकाबले के दौरान इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर डेविड वैलेंटाइन लॉरेंस का निधन हो गया।

दोनों टीमों ने रखा मौन

तीसरे दिन की शुरुआत से पहले जब दोनों टीमें मैदान पर उतरीं, तो सभी खिलाड़ियों की बाजुओं पर काली पट्टी बंधी नजर आई। बीसीसीआई ने इस संबंध में जानकारी देते हुए एक्स पर तस्वीर साझा की और लिखा, "दोनों टीमें इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर डेविड 'सिड' लॉरेंस के दुखद निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए काली पट्टी पहनकर खेल रही हैं। तीसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले उनकी याद में एक मिनट का मौन भी रखा गया।

डेविड लॉरेंस का निधन

इंग्लैंड और ग्लूस्टरशायर के पूर्व तेज गेंदबाज डेविड लॉरेंस का 61 साल की उम्र में मोटर न्यूरॉन डिजीज से जूझने के बाद निधन हो गया। लॉरेंस को 2023 में इस जानलेवा न्यूरोलॉजिकल बीमारी का पता चला था, जो धीरे-धीरे मांसपेशियों को कमजोर कर देती है और समय के साथ बिगड़ती जाती है।

Image

डेविड लॉरेंस का करियर

डेविड लॉरेंस ने 1988 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था और इंग्लैंड के लिए 5 टेस्ट मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 18 विकेट झटके। 1991 में ओवल में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने पांच विकेट की यादगार पारी डाली थी, जिसमें दिग्गज विव रिचर्ड्स को भी आउट किया। हालांकि 1992 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट में लगी गंभीर घुटने की चोट के कारण उनका करियर अचानक समाप्त हो गया।

Also Read- 'अपने चौके के चक्कर में, मेरा चौका मत दे देना...', स्टंप माइक में कैद हुई ऋषभ पंत और शुभमन गिल की मजेदार बातें, VIDEO