IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मुकाबले में अंशुल कंबोज को डेब्यू का मौका मिला है, लेकिन एक खिलाड़ी ऐसा भी है जो 2022 से भारतीय टीम के साथ जुड़ा हुआ है, फिर भी उसे अब तक डेब्यू का मौका नहीं मिला।
आखिर कब मिलेगा मौका? 3 साल से ये खिलाड़ी इंडियन स्क्वॉड का हिस्सा; पर अभी तक नहीं मिली डेब्यू कैप, संकट में करियर!

IND vs ENG 4th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज (IND vs ENG) का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जा रहा है। लॉर्ड्स में मिली हार के बाद टीम इंडिया ने इस टेस्ट में कुछ अहम बदलाव किए हैं ताकि यह मैच जीतकर सीरीज को 2-2 से बराबरी पर लाया जा सके।
इस मुकाबले (IND vs ENG 4th Test) में शार्दुल ठाकुर और साईं सुदर्शन की टीम में वापसी हुई है, वहीं अंशुल कंबोज को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है। लेकिन दूसरी ओर 2022 से टीम के साथ जुड़े बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन को अब तक भारत के लिए डेब्यू करने का अवसर नहीं मिल पाया है।
अभिमन्यु ईश्वरन को नहीं मिला अब तक डेब्यू का मौका
अभिमन्यु ईश्वरन को पहली बार साल 2022 में बांग्लादेश दौरे पर भारतीय टेस्ट टीम के स्क्वॉड में शामिल किया गया था। उस दौरे में कई खिलाड़ियों ने अपना टेस्ट डेब्यू किया, लेकिन ईश्वरन को मौका नहीं मिल पाया। इसके बाद भी उन्हें लगातार कई सीरीज में टीम के साथ रखा गया, लेकिन डेब्यू का सपना अब तक अधूरा है।
गौरतलब है कि अभिमन्यु के टीम इंडिया के स्क्वॉड में शामिल होने के बाद अब तक 15 खिलाड़ी भारत के लिए टेस्ट डेब्यू कर चुके हैं। इनमें शामिल नाम हैं केएस भरत, सूर्यकुमार यादव, यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन, मुकेश कुमार, प्रसिद्ध कृष्णा, रजत पाटीदार, सरफराज खान, ध्रुव जुरैल, आकाश दीप, नीतीश कुमार रेड्डी, देवदत्त पडिक्कल, हर्षित राणा, साईं सुदर्शन और अंशुल कंबोज।
IND vs ENG: अंशुल कंबोज का हुआ डेब्यू
इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मुकाबले में हरियाणा के करनाल से आने वाले तेज़ गेंदबाज़ अंशुल कंबोज को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है। तीसरे टेस्ट में चोटिल हुए आकाश दीप की जगह उन्हें प्लेइंग XI में शामिल किया गया है। डेब्यू मैच में उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीदें की जा रही हैं।
IND vs ENG: अभिमन्यु ईश्वरन के घरेलू क्रिकेट के आंकड़े
घरेलू क्रिकेट में अभिमन्यु ईश्वरन का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 103 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 48.70 की औसत से 7841 रन बनाए हैं। उनके नाम 27 शतक और 31 अर्धशतक दर्ज हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट की बात करें तो उन्होंने 89 मैचों में 47.03 की औसत से 3857 रन बनाए हैं। इसमें उनके नाम 9 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं, जबकि उनका बेस्ट स्कोर 149 रन है।