चार्टर्ड फ्लाइट अचानक रद्द होने के बाद वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों की घर वापसी में परेशानी खड़ी हो गई। इसके बाद आईसीसी ने बड़ा कदम उठाते हुए खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग कमर्शियल फ्लाइट्स में बुकिंग कराई है।
अचानक कैंसिल हुई चार्टर्ड फ्लाइट, फिर ICC को उठाना पड़ा बड़ा कदम; अब इस तरीके से लौटेंगे साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी
Table of Contents
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 खत्म होने के बाद जहां टीम इंडिया खिताब जीतकर सुर्खियों में है, वहीं टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी कुछ टीमों के खिलाड़ियों के लिए घर वापसी आसान नहीं रही। खासकर वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों को अचानक आई एक समस्या की वजह से अभी तक अपने देश लौटने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
दरअसल, अंतरराष्ट्रीय हालात और उड़ानों पर पड़े असर की वजह से इन टीमों के लिए तय की गई चार्टर्ड फ्लाइट आखिरी समय पर रद्द हो गई। इसके बाद खिलाड़ियों की घर वापसी को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई थी। हालांकि अब इस पूरे मामले में आईसीसी को बड़ा कदम उठाना पड़ा है।
T20 WC 2026: ICC ने खिलाड़ियों के लिए किया नया इंतजाम
चार्टर्ड फ्लाइट कैंसिल होने के बाद आईसीसी ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए खिलाड़ियों के लिए नया इंतजाम किया। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, आईसीसी ने वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग कमर्शियल फ्लाइट्स में बुकिंग कराई है।

सूत्रों के मुताबिक सभी खिलाड़ियों को एक ही फ्लाइट में सीट मिलना संभव नहीं था, इसलिए अलग-अलग एयरलाइंस में उनकी व्यक्तिगत बुकिंग की गई है। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने भी इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए खिलाड़ियों को सुरक्षित उनके देश भेजने का भरोसा दिया है।
T20 WC 2026: डेरेन सैमी पहले ही लौट चुके हैं स्वदेश
बताया जा रहा है कि वेस्टइंडीज के हेड कोच डेरेन सैमी सोमवार रात को अपने देश के लिए रवाना हो चुके हैं। कोलकाता में अपना आखिरी मुकाबला खेलने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी वहीं रुके हुए थे और चार्टर्ड फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। हालांकि अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण पश्चिम एशिया के कई हिस्सों में अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस पर पाबंदियां लगाई गई हैं। इसी वजह से कई एयरलाइंस उस रूट से उड़ान भरने से बच रही हैं।
T20 WC 2026: दुबई एयरस्पेस बंद होने से बढ़ी परेशानी
आईसीसी की पार्टनर एयरलाइन एमिरेट्स है और आमतौर पर दुबई के रास्ते ही कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स संचालित होती हैं। लेकिन मौजूदा हालात में दुबई के एयरस्पेस पर भी असर पड़ा है, जिसके चलते उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है। इसी वजह से खिलाड़ियों की वापसी की योजना में अचानक बदलाव करना पड़ा और चार्टर्ड फ्लाइट का विकल्प भी प्रभावित हो गया।

T20 WC 2026: आखिरी समय पर रद्द हुआ चार्टर्ड प्लेन
पहले यह तय किया गया था कि दोनों टीमों के खिलाड़ी मंगलवार दोपहर को कोलकाता से एक चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए जोहान्सबर्ग रवाना होंगे। वहां से वेस्टइंडीज की टीम को एंटीगा जाना था। हालांकि बंगाल क्रिकेट संघ के एक अधिकारी के मुताबिक लॉजिस्टिक से जुड़ी कुछ दिक्कतों की वजह से उड़ान को तय समय से कुछ घंटे पहले ही रद्द कर दिया गया। इसके बाद आईसीसी ने तुरंत नई व्यवस्था करते हुए खिलाड़ियों को अलग-अलग कमर्शियल फ्लाइट्स के जरिए उनके देश भेजने की योजना बनाई।