टीम इंडिया के टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद ICC ने टीम ऑफ द टूर्नामेंट का ऐलान कर दिया है। इस टीम में भारत के चार खिलाड़ियों को मौका मिला है।
ICC ने घोषित की T20 World Cup 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट, 4 भारतीय खिलाड़ियों को मिली जगह
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को फाइनल में 96 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की दुनियाभर में चर्चा हो रही है।
टूर्नामेंट के समापन के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भी अपनी टीम ऑफ द टूर्नामेंट का ऐलान कर दिया है। इस टीम में भारत के चार खिलाड़ियों को जगह मिली है, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि हैरानी की बात यह रही कि सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों को इस टीम में शामिल नहीं किया गया।
T20 World Cup: संजू सैमसन को ओपनर के तौर पर मिला मौका
आईसीसी ने टीम ऑफ द टूर्नामेंट में ओपनिंग जोड़ी के रूप में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान और भारत के संजू सैमसन को चुना है। फरहान इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और उन्होंने अपनी टीम के लिए कई अहम पारियां खेलीं।
वहीं संजू सैमसन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। नंबर-3 पर भारत के आक्रामक बल्लेबाज ईशान किशन को जगह दी गई है, जो इस टूर्नामेंट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
T20 World Cup: भारत के किन 4 खिलाड़ियों को मिली जगह?
आईसीसी ने इस टीम का चयन खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर किया है। टीम ऑफ द टूर्नामेंट में भारत के चार खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें संजू सैमसन और ईशान किशन के अलावा ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी जगह मिली है।
T20 World Cup: जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज को भी मिला मौका
इस टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) में जिम्बाब्वे की टीम ने भी अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। उनके तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को आईसीसी ने टीम ऑफ द टूर्नामेंट में शामिल किया है। इसके अलावा इंग्लैंड के दो खिलाड़ी विल जैक्स और अनुभवी स्पिनर आदिल रशीद भी इस टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं। विल जैक्स ने इंग्लैंड को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई, जबकि आदिल रशीद ने अपनी स्पिन गेंदबाजी से कई अहम विकेट हासिल किए।

T20 World Cup: मार्करम को बनाया गया टीम का कप्तान
आईसीसी की इस टीम में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम को भी जगह मिली है और उन्हें ही टीम का कप्तान बनाया गया है। मार्करम ने पूरे टूर्नामेंट में अपने नेतृत्व और प्रदर्शन से टीम को मजबूती दी।
उनके साथ दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को भी इस टीम में शामिल किया गया है। वहीं वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी जगह बनाई। उन्होंने 7 मैचों में 10 विकेट हासिल किए और गेंद के साथ-साथ टीम को संतुलन भी दिया।

T20 World Cup: ICC की टीम ऑफ द टूर्नामेंट
साहिबजादा फरहान, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, एडेन मार्करम (कप्तान), हार्दिक पांड्या, विल जैक्स, जेसन होल्डर, जसप्रीत बुमराह, लुंगी एनगिडी, आदिल रशीद, ब्लेसिंग मुजरबानी, शैडली शान शाल्कविक (12वें खिलाड़ी)।