श्रीलंका को वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान ने किया बड़ा घोटाला! भ्रष्टाचार के मामले में होंगे गिरफ्तार?

Sri Lanka Cricket: श्रीलंका क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों में से एक और 1996 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान अर्जुन रणतुंगा (Arjuna Ranatunga) भ्रष्टाचार के एक बड़े मामले में फंस गए हैं।

iconPublished: 15 Dec 2025, 10:32 PM
iconUpdated: 15 Dec 2025, 11:34 PM

Arjuna Ranatunga to be Arrested on Corruption Charges: श्रीलंका को 1996 में वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व कप्तान अर्जुन रणतुंगा एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह क्रिकेट नहीं बल्कि भ्रष्टाचार का मामला है। समाचार एजेंसी AFP के अनुसार, पेट्रोलियम मंत्री के रूप में कार्यकाल के दौरान लगे कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। अदालत को बताया गया है कि देश लौटते ही रणतुंगा की गिरफ्तारी हो सकती है।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि अर्जुन रणतुंगा (Arjuna Ranatunga) और उनके भाई ने तेल खरीद से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे नियमों में बदलाव किया। इसके बाद महंगे दामों पर स्पॉट खरीद को मंजूरी दी गई, जिससे श्रीलंका सरकार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। यह सभी सौदे साल 2017 के बताए जा रहे हैं, जब रणतुंगा पेट्रोलियम मंत्रालय से जुड़े हुए थे।

राज्य को करोड़ों का नुकसान

भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी की जांच कर रहे आयोग के मुताबिक, 27 तेल खरीद सौदों से सरकार को करीब 80 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। आयोग ने कोलंबो के मजिस्ट्रेट असंग बोदरागामा को बताया कि अर्जुन रणतुंगा (Arjuna Ranatunga) फिलहाल विदेश में हैं और श्रीलंका लौटते ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा। इस मामले में उनके भाई और तत्कालीन सीलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन चेयरमैन धम्मिका रणतुंगा पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। केस की अगली सुनवाई 13 मार्च 2026 को होगी।

भ्रष्टाचार पर सरकार का सख्त संदेश

रणतुंगा परिवार के खिलाफ ये कार्रवाई मौजूदा सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम का हिस्सा मानी जा रही है। 2024 में सत्ता में आई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की सरकार ने सत्ता संभालते ही भ्रष्टाचार पर सख्ती से निपटने का वादा किया था। इससे पहले अर्जुन रणतुंगा के एक अन्य भाई प्रसन्ना रणतुंगा, जो पूर्व पर्यटन मंत्री रह चुके हैं, को भी बीमा धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन पर पहले एक कारोबारी से जबरन वसूली का आरोप भी साबित हो चुका है।

क्रिकेट में Arjuna Ranatunga की बड़ी पहचान

62 वर्षीय अर्जुन रणतुंगा (Arjuna Ranatunga) श्रीलंका क्रिकेट के सबसे बड़े नामों में गिने जाते हैं। उनकी कप्तानी में श्रीलंका ने 1996 में इतिहास रचते हुए पहली बार वर्ल्ड कप जीता था। उन्होंने अपने करियर में 93 टेस्ट और 269 वनडे मैच खेले और 10 हजार से ज्यादा रन बनाए। वो श्रीलंका के पहले और 100वें टेस्ट मैच में खेलने वाले इकलौते खिलाड़ी भी रहे हैं।

Read More Here:

वानखेड़े में लियोनल मेसी से मिले सुनील छेत्री, भारतीय लेजेंड ने पहनी नंबर 10 की जर्सी; देखें VIDEO

'इस बात को खत्म करें…' स्मृति मंधाना ने पलाश मुच्छल से तोड़ी शादी, रिश्ता टूटने के बाद लोगों से की खास अपील

Commonwealth Games 2030 की मेजबानी भारत को मिली, अहमदाबाद में होगा ये आयोजन

T20I World Cup 2026: 20 टीमें, 55 मैच और 8 वेन्यू... कब और कहां खेला जाएगा टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला?