टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हराकर सुपर-8 की उम्मीदें जिंदा रखीं। टॉम बैंटन की नाबाद अर्धशतकीय पारी और आर्चर–रशीद की दमदार गेंदबाजी ने मुश्किल मैच में इंग्लिश टीम को अहम जीत दिलाई।
ENG vs SCO: गिरते-पड़ते जीता इंग्लैंड, स्कॉटलैंड से कड़ी जंग के बाद सुपर-8 की उम्मीदें कायम
Table of Contents
ENG vs SCO Match Highlights: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हर मुकाबला रोमांच और अनिश्चितता से भरा नजर आ रहा है। बड़ी टीमों को जीत दर्ज करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है और उलटफेर का खतरा लगातार मंडरा रहा है। ऑस्ट्रेलिया की हार के बाद इंग्लैंड पर भी दबाव था और स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में वह खुद एक बड़े झटके से बाल-बाल बची।
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस अहम मुकाबले में हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हराया, लेकिन यह जीत उतनी आसान नहीं रही जितनी कागजों पर दिखती है। 152 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लिश टीम लड़खड़ाती नजर आई, मगर टॉम बैंटन की शानदार अर्धशतकीय पारी ने टीम को संभालते हुए सुपर-8 की उम्मीदों को जिंदा रखा।
ENG vs SCO: आर्चर–रशीद की धार से रुका स्कॉटलैंड
शनिवार 14 फरवरी को खेले गए इस मुकाबले (ENG vs SCO) में दोनों टीमों के लिए जीत बेहद जरूरी थी क्योंकि दोनों के पास 2-2 अंक थे। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने 2/24 की कसी हुई गेंदबाजी की, जबकि अनुभवी स्पिनर आदिल रशीद ने 3/36 लेकर मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया।

स्कॉटलैंड की ओर से कप्तान रिची बेरिंगटन ने 49 रन और माइकल जोन्स ने 33 रन की अहम पारियां खेलीं। इन प्रयासों की बदौलत टीम किसी तरह 152 रन तक पहुंच सकी, जो चुनौतीपूर्ण तो था लेकिन मैच जीतने के लिए निर्णायक नहीं माना जा रहा था।
ENG vs SCO: इंग्लैंड की खराब शुरुआत ने बढ़ाई धड़कनें
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 13 रन पर दोनों ओपनर गंवा दिए, जबकि 86 रन तक पहुंचते-पहुंचते कप्तान हैरी ब्रूक समेत चार विकेट गिर चुके थे। उस समय स्कॉटलैंड मैच में मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी और इंग्लैंड की सुपर-8 की राह मुश्किल लगने लगी थी।
ENG vs SCO: टॉम बैंटन बने संकटमोचक
ऐसे मुश्किल समय में टॉम बैंटन ने जिम्मेदारी उठाते हुए टीम को संभाला। पिछले दो मैचों में फ्लॉप रहने वाले बैंटन ने इस मुकाबले में संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया। उन्होंने पहले जैकब बैथेल के साथ 66 रन की साझेदारी की और फिर सैम करन के साथ 46 रन जोड़कर इंग्लैंड को जीत के करीब पहुंचाया। बैंटन 41 गेंदों में 63 रन बनाकर नाबाद लौटे और 19वें ओवर में टीम को जीत दिला दी। उनकी यह पारी इंग्लैंड के अभियान के लिए जीवनदान साबित हो सकती है।

ENG vs SCO: ग्रुप-C में फिर जगी इंग्लैंड की उम्मीद
इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदों को फिर से मजबूत कर लिया है। मैच से पहले टीम ग्रुप-C में चौथे स्थान पर खिसक गई थी, लेकिन अब तीन मैचों में 4 अंक के साथ वेस्टइंडीज के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। उसका अंतिम मुकाबला इटली से है, जहां जीत उसे अगले दौर में पहुंचा सकती है।
उस्मान तारिक की धज्जियां उड़ाने को तैयार टीम इंडिया, IND-PAK मैच से पहले ईशान किशन ने भरी हुंंकार