आईपीएल 2026 के आगाज से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने बड़ा दांव खेलते हुए अपनी टीम मैनेजमेंट को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। पिछले सीजन प्लेऑफ की रेस में मामूली अंतर से बाहर रहने के बाद फ्रेंचाइजी इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। यही वजह है कि टीम ने अपनी कमजोर कड़ी को पहचानते हुए फील्डिंग विभाग में बड़ा बदलाव किया है।
28 मार्च से शुरू होने वाले नए सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने साफ कर दिया है कि इस बार उनका लक्ष्य सिर्फ प्लेऑफ नहीं, बल्कि खिताब जीतना है। टीम ने अनुभवी और इंटरनेशनल स्तर पर काम कर चुके कोच को जोड़कर अपनी तैयारियों को नई धार देने की कोशिश की है।
IPL 2026: जॉन मूनी बने दिल्ली कैपिटल्स के नए फील्डिंग कोच
दिल्ली कैपिटल्स ने आयरलैंड के पूर्व इंटरनेशनल खिलाड़ी जॉन मूनी को आईपीएल 2026 के लिए अपना नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। वह जल्द ही टीम के साथ जुड़ेंगे और खिलाड़ियों की फील्डिंग स्किल्स को बेहतर बनाने पर काम करेंगे।
टीम के कोचिंग स्टाफ की बात करें तो हेड कोच की जिम्मेदारी हेमंग बदानी के पास है, जबकि गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल हैं। इंग्लैंड के दिग्गज इयान बेल सहायक कोच की भूमिका निभा रहे हैं और वेणुगोपाल राव टीम डायरेक्टर के तौर पर जुड़े हुए हैं।
IPL 2026: इंटरनेशनल अनुभव से मिलेगी मजबूती
जॉन मूनी ने आयरलैंड के लिए वनडे और टी20 फॉर्मेट में इंटरनेशनल क्रिकेट खेला है और 2015 में अपना आखिरी मुकाबला खेला था। इसके बाद उन्होंने कोचिंग में कदम रखा और 2018-19 के दौरान अफगानिस्तान टीम के फील्डिंग कोच रहे। इसके अलावा उन्होंने वेस्टइंडीज टीम के साथ भी काम किया है, जिससे उन्हें अलग-अलग कंडीशंस और टीमों के साथ काम करने का अनुभव मिला है।
IPL 2026: पहली बार आईपीएल में दिखेंगे मूनी
यह पहली बार होगा जब जॉन मूनी किसी आईपीएल फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ेंगे। ऐसे में उनके लिए यह एक नया और बड़ा मंच होगा, जहां उन्हें अपनी कोचिंग स्किल्स साबित करने का मौका मिलेगा। दिल्ली कैपिटल्स को उम्मीद होगी कि उनके आने से टीम की फील्डिंग में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
IPL 2026: पहले मैच से ही बड़ी परीक्षा
दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल 2026 में अपना पहला मुकाबला 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेलना है। सीजन के पहले ही मैच से टीम की तैयारियों की असली परीक्षा होगी और नए कोचिंग स्टाफ की रणनीति भी इसी मुकाबले में नजर आएगी।