IPL ऑक्शन में नहीं मिला कोई खरीदार, अब पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे निकलकर सबको चौंकाया

ब्लेसिंग मुजरबानी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लेकर सबको चौंका दिया। ऑक्शन में अनसोल्ड रहने वाला यह खिलाड़ी अब केकेआर के लिए मैच में चमका और पर्पल कैप की रेस में भी आगे निकल गया।

iconPublished: 02 Apr 2026, 11:47 PM
iconUpdated: 02 Apr 2026, 11:59 PM

आईपीएल 2026 के छठे मुकाबले में ईडन गार्डन्स पर रन बारिश देखने को मिली, जहां सनराइजर्स हैदराबाद ने बल्लेबाजी का ऐसा तूफान खड़ा किया, जिसने कोलकाता नाइट राइडर्स को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। 226 रन का विशाल स्कोर इस मुकाबले में केकेआर के लिए पहाड़ साबित हुआ।

हालांकि, इस हाई स्कोरिंग मुकाबले में जहां एक तरफ हैदराबाद के बल्लेबाज छाए रहे, वहीं दूसरी तरफ केकेआर के एक गेंदबाज ने अपनी धारदार गेंदबाजी से अलग पहचान बनाई। खास बात यह रही कि इस खिलाड़ी को ऑक्शन में किसी ने नहीं खरीदा था, लेकिन रिप्लेसमेंट के तौर पर मौका मिलते ही उसने खुद को साबित कर दिया।

IPL 2026: KKR के खिलाड़ी की घातक गेंदबाजी

कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर में 41 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए और हैदराबाद के मजबूत बल्लेबाजी क्रम को झटका दिया। मुजरबानी ने अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन और शिवांग कुमार जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट कर अपनी काबिलियत दिखाई। इसके साथ ही उन्होंने 9 डॉट गेंदें भी डालीं, जो इस मुकाबले में किसी भी गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा रहीं। उनकी इस घातक गेंदबाजी की बदौलत वह पर्पल कैप की रेस में भी आगे निकल गए हैं।

Blessing Muzarabani has linked up with the KKR squad, Kolkata, March 17, 2026

IPL 2026: ऑक्शन में नहीं बिके, अब बने हीरो

ब्लेसिंग मुजरबानी की कहानी इस मुकाबले की सबसे दिलचस्प कहानी बनकर सामने आई है। आईपीएल 2026 की नीलामी में उन्हें किसी भी फ्रैंचाइजी ने नहीं खरीदा था, लेकिन केकेआर ने उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया। मौका मिलते ही मुजरबानी ने शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि वह बड़े मंच के खिलाड़ी हैं। केकेआर का यह फैसला अब मास्टरस्ट्रोक साबित होता नजर आ रहा है।

IPL 2026: PSL छोड़कर IPL में एंट्री

मुजरबानी इस समय पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में इस्लामाबाद यूनाइटेड का हिस्सा थे। लेकिन आईपीएल में खेलने के लिए उन्होंने बीच सीजन में ही पीएसएल छोड़ने का फैसला किया। उन्हें बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की जगह टीम में शामिल किया गया, जिनका करार खत्म कर दिया गया था। दिलचस्प बात यह है कि पीएसएल में भी वह रिप्लेसमेंट के तौर पर ही टीम में आए थे।

Read More: 'बेंच पर बैठने नहीं आया...' अर्जुन तेंदुलकर ने क्यों छोड़ा मुंबई इंडियंस का साथ? IPL 2026 के बीच पहली बार तोड़ी चुप्पी