IPL में भुवनेश्वर कुमार इतिहास रचने के करीब, सिर्फ 2 विकेट लेकर इस खास क्लब से हो जाएंगे शामिल
भुवनेश्वर कुमार IPL 2026 के ओपनिंग मैच में इतिहास रचने के करीब हैं। सिर्फ 2 विकेट लेते ही वें एक खास क्लब में शामिल हो जाएंगे और रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है, जहां पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले इस मैच को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है।
RCB जहां अपने खिताब की रक्षा करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी, वहीं इस मुकाबले में नजरें सिर्फ बल्लेबाजों पर ही नहीं बल्कि गेंदबाजों पर भी टिकी होंगी। खासकर अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के पास इस मैच में एक बड़ा इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा।
IPL 2026: सिर्फ 2 विकेट दूर ऐतिहासिक मुकाम से
भुवनेश्वर कुमार आईपीएल इतिहास में एक खास उपलब्धि के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। SRH के खिलाफ ओपनिंग मुकाबले में अगर वह 2 विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले गेंदबाजों के क्लब में शामिल हो जाएंगे।
अब तक इस आंकड़े को छूना आसान नहीं रहा है और बहुत कम गेंदबाज ही इसके करीब पहुंच पाए हैं। भुवी ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ और स्विंग गेंदबाजी के दम पर यह मुकाम हासिल करने की नींव रखी है।
चहल के बाद दूसरा नाम बनने का मौका
आईपीएल इतिहास में अब तक सिर्फ युजवेंद्र चहल ही 200 या उससे ज्यादा विकेट लेने में सफल रहे हैं। चहल के नाम 221 विकेट दर्ज हैं और वह लीग के सबसे सफल गेंदबाज भी हैं। वहीं भुवनेश्वर कुमार के नाम 190 मैचों में 198 विकेट हैं और वह इस सूची में दूसरे स्थान पर काबिज हैं। ऐसे में 2 विकेट लेते ही भुवी इस खास क्लब में शामिल होकर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं।
IPL के टॉप विकेट टेकर गेंदबाज
आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में चहल पहले स्थान पर हैं, जबकि भुवनेश्वर दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। इसके बाद सुनील नरेन और पीयूष चावला 192-192 विकेट के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। रविचंद्रन अश्विन 187 विकेट के साथ इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। इस सूची से साफ है कि भुवनेश्वर कुमार लंबे समय से IPL के सबसे भरोसेमंद गेंदबाजों में शामिल रहे हैं।
T20 क्रिकेट में भी बड़ा रिकॉर्ड बनाने की राह पर
भुवनेश्वर कुमार सिर्फ आईपीएल ही नहीं बल्कि T20 क्रिकेट में भी शानदार रिकॉर्ड के करीब हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में 335 विकेट दर्ज हैं और वह भारत के तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इस लिस्ट में युजवेंद्र चहल और जसप्रीत बुमराह उनसे आगे हैं। अगर भुवी आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हैं, तो वह T20 क्रिकेट में 350 विकेट का आंकड़ा भी छू सकते हैं, जो उनके करियर का एक और बड़ा माइलस्टोन होगा