Yash Dayal Case: आईपीएल में अंतिम 5 गेंदों पर 5 छक्के खाने वाले यश दयाल इस बार एक लड़की द्वारा शोषण के आरोप में चर्चा में हैं। आइए जानते हैं उनकी अब तक की पूरी कहानी।
कभी आईपीएल में खाए थे लगातार 5 छक्के, अब लगा शारीरिक शोषण का आरोप, जाने यश दयाल की पूरी कहानी

Yash Dayal Case: आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पहली बार खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज यश दयाल इस वक्त मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश की एक लड़की ने उन पर शादी का झांसा देकर शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण का आरोप लगाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले में गाजियाबाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है, और केस मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच चुका है। यह पहला मौका नहीं है जब यश दयाल चर्चा में आए हैं। इससे पहले भी वे 2022 और 2023 में अपने खेल और विवादों की वजह से सुर्खियों में रह चुके हैं।
कैसा रहा है शुरूआती करियर
यश दयाल उत्तरप्रदेश से आते है, 2018-19 में उन्होंने पहली बार उत्तरप्रदेश के लिए डेब्यू किया था। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में अपना डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने उसी साल सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी और फिर फर्स्ट क्लास में भी अपना डेब्यू कर लिया।
2022 में IPL में आए थे चर्चा में
यश दयाल पहली बार 2022 में तब सुर्खियों में आए जब गुजरात टाइटंस ने उन्हें 3.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। अपने शानदार प्रदर्शन से उन्होंने टीम को आईपीएल 2022 का खिताब जिताने में मदद की थी। हालांकि 2023 का सीजन उनके लिए बुरे सपने जैसा रहा। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में रिंकू सिंह ने उनके आखिरी ओवर की पांच गेंदों पर लगातार पांच छक्के लगाकर मुकाबला केकेआर को जिता दिया था। इसके बाद यश दयाल पर काफी दबाव आया, वे टीम से बाहर हो गए और खबरों के मुताबिक उनकी तबीयत भी बिगड़ गई थी।
2024 में की वापसी, 2025 में बने हीरो
2024 की नीलामी में RCB ने यश दयाल को अपनी टीम में शामिल किया। उसी सीजन में उन्होंने शानदार वापसी की और टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाने में बड़ा रोल निभाया। खासकर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आखिरी ओवर डिफेंड कर उन्होंने टीम को जीत दिलाई थी।
2025 में यश दयाल ने एक कदम आगे बढ़ते हुए RCB को पहली बार आईपीएल चैंपियन बनाया। इस सीज़न में उन्होंने 13 विकेट झटके। जबकि 2024 में उन्होंने 14 मुकाबलों में 15 विकेट लेकर सबको प्रभावित किया था।