इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में भारत के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने हैरी ब्रुक को 99 रनों पर ऑउट कर उन्हें शतक लगाने से रोक दिया। इससे पहले उन्होंने स्टीव स्मिथ के 10 हजार रन पूरे नहीं होने दिए थे।
IND vs ENG: पहले स्टीव स्मिथ और फिर हैरी ब्रूक... 1 रन के लिए तरसा देते हैं प्रसिद्ध कृष्णा, रिकॉर्ड देख हो जाएंगे नतमस्तक

Prasidh Krishna: भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मैच हेडिंग्ले में जारी है। इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 471 रन बनाए और इसके बाद इंग्लैंड ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया। इंग्लिश टीम की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का भारतीय गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। इसी कड़ी में इंग्लिश टीम के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रुक भी 99 रन के स्कोर पर पहुंच गए।
ब्रुक ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ हल्ला बोला और ताबड़तोड़ 99 रन बना डाले। हालांकि, वे अपना शतक पूरा करने से चूक गए और भारत के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। इसी के साथ उन्होंने ब्रुक का शतक लगाने का सपना तोड़ दिया। हालांकि, इससे पहले भी वे ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ के साथ कर चुके हैं।
1 रन के लिए तरस गए थे स्टीव स्मिथ
दरअसल, भारतीय टीम पिछले साल नवंबर में ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर थी। इसका दूसरा मुकाबला एडिलेड में खेला गया और ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से जीत दर्ज की। हालांकि, इस मुकाबले में स्टीव स्मिथ के पास 10 हजार रन पूरे करने का मौका था और उन्हें बस 3 रनों की दरकार थी।

स्मिथ ने 2 रन बना लिए और उनके टेस्ट करियर में 9,999 रन हो गए थे और एक रन बनाते ही वे 10000 रन पूरे कर लेते। हालांकि, प्रसिद्ध कृष्णा ने ऐसा नहीं होने दिया और स्मिथ को ऑउट कर पवेलियन भेज दिया।
हैरी ब्रुक भी नहीं लगा सके शतक
स्मिथ की तरह ब्रुक भी अपना शतक लगाने से बस एक रन दूर थे। हालांकि, कृष्णा ने ऑउट कर उनका सपना तोड़ दिया। ब्रुक ने इस मुकाबले में 111 गेंदों पर 99 रन बनाए। उनकी इस पारी में 11 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। ऐसे में कृष्णा बल्लेबाजों के सपने तोड़ देते हैं और उन्हें एक रन के लिए तरसा देते हैं।