IND vs NZ: भारत ने न्यूजीलैंड को दिया 350 रन का लक्ष्य, शुभमन गिल ने जड़ा दोहरा शतक

हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

author-image
By Rajat Gupta
IND vs NZ: भारत ने न्यूजीलैंड को दिया 350 रन का लक्ष्य, शुभमन गिल ने जड़ा दोहरा शतक

IND vs NZ, Shubman Gill, India vs New Zealand: हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शुभमन गिल के शानदार दोहरे शतक की बदौलत भारत ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 349 रन बनाए। न्यूजीलैंड को पहले मुकाबले में जीत के लिए 350 रनों की दरकार है। 

 

नहीं चला विराट का बल्ला

पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को औसत शुरुआत मिली। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी हुई। 13वें ओवर की पहली गेंद पर मैन इन ब्लू को पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा ने 38 गेंदों पर 34 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के जड़े। 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर भारत का दूसरा विकेट गिरा। इन फॉर्म विराट कोहली बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने 10 गेंदों पर 8 रन बनाए। 

 

मिडिल ऑर्डर में ईशान फेल

20वें ओवर की चौथी गेंद पर टीम इंडिया का तीसरा विकेट गिरा। बांग्लादेश सीरीज के बाद वापसी करने वाले ईशान किशन मिडिल ऑर्डर में मिले मौके को भुना नहीं पाए। उन्होंने 14 गेंदों पर मात्र 5 रन बनाए। 29वें ओवर की तीसरी गेंद पर भारत का चौथा विकेट गिरा। श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में मिले मौके का सूर्यकुमार यादव फायदा नहीं उठा पाए।

उन्होंने 26 गेंदों पर 31 रन की पारी खेली। इस दौरान स्काई ने 4 चौके लगाए। 40वें ओवर की चौथी गेंद पर मैन इन ब्लू का 5वां विकेट गिरा। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से बोल्ड हुए। तीसरे अंपायर के फैसले से वह भी काफी नाखुश नजर आए।

गिल ने जड़ा दोहरा शतक

45वें ओवर की आखिरी गेंद पर भारत को छठा झटका लगा। वॉशिंगटन सुंदर ने 14 गेंदों पर 12 रन बनाए। 47वें ओवर की चौथी गेंद पर भारत का 7वां विकेट गिरा। शार्दुल ठाकुर 3 के स्कोर पर रन आउट हुए। 50वें ओवर की दूसरी गेंद पर भारत को 8वां झटका लगा। शुभमन गिल ने 149 गेंदों 208 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 19 चौके और 9 छक्के लगाए। कुलदीप यादव 5 और मोहम्मद शमी 2 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल और हेनरी शिपले ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा लॉकी फर्ग्यूसन, ब्लेयर टिकनर और मिशेल सेंटनर को 1-1 सफलता मिली।

 

वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज

रोहित शर्मा: 264 रन
मार्टिन गुप्टिल: 237* रन
वीरेंद्र सहवाग: 219 रन
क्रिस गेल: 215 रन
फखर जमान: 210* रन
ईशान किशन: 210 रन
रोहित शर्मा: 209 रन
रोहित शर्मा: 208* रन
सचिन तेंदुलकर: 200* रन
शुभमन गिल: 208 रन

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।
न्यूजीलैंड: फिन एलेन, डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिशेल, टॉम लैथम (कप्तान & विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर, हेनरी शिपले, लॉकी फर्ग्यूसन, ब्लेयर टिकनर।

ये भी पढ़ें: IND Vs NZ: वनडे में सबसे तेज 1 हजार रन बनाने वाले भारतीय बने शुभमन गिल, तोड़ा कोहली का विराट रिकॉर्ड

नवीनतम कहानियां